फ़ुटबॉल के जादूगरों के जादू की विदाई

एक कशमकश है कि अब इख़्तिताम पज़ीर हुआ चाहती है. एक द्वंद्व है जो विराम लिया चाहता है. एक प्रतिद्वंद्विता है जो अनिर्णित समाप्त हुआ चाहती है. दो प्रतिभाओं के बीच श्रेष्ठता का संघर्ष है अपने अंतिम परिणाम को प्राप्त किया चाहता है.

चाहत

द्वंद्व की एक शरणस्थली है. फ़ुटबॉल का एक मैदान है. दो प्रतिभाएं हैं. एक दूसरे से जुदा-जुदा हैं. एक प्रतिभा है नैसर्गिकता से लदी फदी है. एक प्रतिभा है कठोर अनुशासन और परिश्रम से अर्जित है.

वे दो हैं कि एक दूसरे के मुकाबिल हैं. वे दो हैं कि एक दूसरे को पराजित करने की ज़िद में हैं. वे दो कि एक दूसरे को समृद्ध करती जाती हैं.

एक प्रतिभा लियोनस मेस्सी कही जाती है. एक को क्रिस्टियानो रोनाल्डो के रूप में पहचाना जाता है. एक खेल है. उसका नाम फ़ुटबॉल है. उसका एक मैदान है, जिसमें एक गोल पोस्ट है. गोल पोस्ट है जो उन दोनों का लक्ष्य है.

उनकी एक ही चाहना है जिसका नाम जीत है. उनकी एक ही निराशा है जिसे असफलता के नाम से जाना जाता है. ये असफलता है जो हार के पीछे छिपी बताई जाती है. उनकी एक सी ख़ुशी है जो उनके देश या फिर क्लब टीम की जीत में पाई जाती है.

एक प्रतिद्वंद्विता है जो बीस साल पुरानी है. प्रतिद्वंद्विता है जो सुस्ताने की मुद्रा में आ चुकी है. उनके शरीर हैं विश्राम की मुद्रा में बैठ जाना चाहते हैं. उनके जूते हैं किसी खूंटी पर टंग कर चैन की बंसी बजाना चाहते हैं. उनकी यूनीफ़ार्म हैं किसी अलमारी की शोभा बढ़ाना चाहती हैं.

दो प्रतिभाएं हैं. उनकी अब एक चाहना है. चाहना पूर्ण विराम का रूप धरे है. वे अपने आगे एक पूर्ण विराम का अवरोध चाहती हैं. बस बहुत हुआ. इसके आगे कुछ नहीं.

प्रकृति

प्रतिभा जो मेस्सी हैं. मेस्सी एक खिलाड़ी है. खिलाड़ी का एक खेल है. खेल का नाम फ़ुटबॉल है. मेस्सी का एक देश है. देश अर्जेंटीना है. मेस्सी देश के लिए खेलता है. मेस्सी के साथी खिलाड़ी हैं. साथी खिलाड़ी मेस्सी के लिए खेलते हैं.

एक विश्व कप है. विश्व कप का फ़ाइनल है. फ़ाइनल में एक हार है. हार अर्जेंटीना की है. हार का दुख है. दुख बांटने से कम होता है. मेस्सी साथियों का दुख बांटता है. साथी मेस्सी के ग़म को बांटते हैं. सब साथ-साथ हैं.

एक घोषणा है. एक संन्यास है. मेस्सी संन्यास की घोषणा करता है. घोषणा में विदाई में दुख है. दुख में सम्मान है. सम्मान में प्रेम है. प्रेम में आंसू हैं.

एक दृश्य है. दृश्य में विदाई है. विदाई में दुख है. दुख एक मैदान में पसरा है. मैदान का नाम ‘एस्टोडिया मास मॉन्यूमेंटल’ है. मैदान एक शहर में है. शहर का नाम ब्यूनस आयर्स है. ब्यूनस आयर्स एक देश की राजधानी है. देश का नाम अर्जेंटीना है. अर्जेंटीना मेस्सी का है. मेस्सी फ़ुटबॉल का है. फ़ुटबॉल सारी दुनिया की है.

एक विदाई है. विदाई का एक मैच है. विदाई एक जादूगर की है. जादू किसी चीज से होता है. उस चीज को लोग जादुई पैर कहते हैं. पैरों का एक जोड़ा है. ये पैर मेस्सी के कहे जाते हैं.

मेस्सी अपना विदाई मैच खेल चुका है. एक घोषणा है जो वो कर चुका है. उसका एक प्रिय काम हैं जिसे वो आखरी बार कर चुका है. काम का नाम ‘ असिस्ट ‘ है. असिस्ट का काम गोल का रस्ता बनाना है. वे अंतिम बार दो गोल का रास्ता बना चुका है.

एक लक्ष्य है जिसका नाम गोल है. एक माध्यम है जिसे पेनाल्टी कहते हैं. एक गोल्डन बायां पैर है जो मेस्सी का बताया जाता है. एक चूक है जिसे मेस्सी कई बार कर चुका है. एक अचूक निशाना है जिसे मेस्सी का गोल्डन बायां पैर अंतिम बार साध चुका है.

एक देश है जिसका नाम अर्जेंटीना है. मेस्सी उसे अंतिम बार जीत दिला चुका है.

कुछ पल हैं. पल अंतिम हैं. अंत का एक गीत है. गीत विदाई का है. अंतिम विदाई गीत गाया जा चुका है. मैदान एक समुद्र में तब्दील है. समुद्र लोगों से बना है. लोगों में सम्मान है. लोग सम्मान के समुद्र में डूबे हैं.

विदाई है आंखों के पानी में डूबी जाती है. विदाई है अपनेपन की ऊष्मा से उत्तेजित हुई जाती है. विदाई है कृतज्ञता से विनत हुई जाती है. विदाई है गर्व से फूली जाती है.

जादू का खेल है. खेल खत्म हुआ जाता है. एक युग है. युग बीता जाता है. समय अपनी जगह पर है. समय है ठहरा जाता है.

पदार्थ

एक विधाता है जिसे तकदीर भी कहा जाता है. विधाता खेल खेलता है. खेल को मुकद्दर का खेल कहा जाता है. एक देश है जिसका नाम पुर्तगाल है. उसका एक खिलाड़ी है. खिलाड़ी का नाम क्रिस्टियानो रोनाल्डो है. रोनाल्डो है जिसकी जर्सी का नंबर सात है. रोनाल्डो है जिसे सीआर सेवन के नाम से जाना जाता है. विधाता है जिसने रोनाल्डो के साथ खेल खेला है.

एक विश्व कप है. विश्व कप की ट्रॉफी है. ट्रॉफी कुछ हाथों से अछूती है. ये हाथ खिलाड़ियों के हैं. खिलाड़ियों में एक रोनाल्डो हैं.

विश्व कप में उम्मीद है. उम्मीद विश्व कप को जीत लेने की है. जीत की चाहत खिलाड़ियों के मन है. एक मन रोनाल्डो का है.

उम्मीद में एक फाँस है. फाँस हार की है. फाँस खिलाड़ियों के मन में धंसी है. खिलाड़ियों में रोनाल्डो है. रोनाल्डो का एक मन है. उसमें हार की फाँस है. हार से विदाई है. विदाई विश्व कप से है. विदाई खाली हाथ है. रोनाल्डो के हाथ खाली हैं.

हार की मायूसी है. उम्मीद की रोशनी है. आगे और ज़िंदगी है. ज़िन्दगी है तो और मैच हैं. मैच रोनाल्डो की ज़िंदगी है. ज़िन्दगी है तो उम्मीद कायम है.

दो देश हैं. एक पुर्तगाल है. एक नार्वे है. उनका एक मैच है. मैच में खिलाड़ी है. एक बेंच है. बैंच पर स्थानापन्न खिलाड़ी हैं. स्थानापन्न खिलाड़ियों में सीआर सेवन है. सीआर सेवन की मैदान में उतरने की इच्छा है. इच्छा पूरी होने का इंतज़ार है. एक अभिमान है. एक चोट है. चोट है जो अभिमान को घायल करती है. अहम है. अहम की तहें हैं. तहों में गुस्सा है. गुस्से से पीड़ा है.

एक अंत है. अंत मैच का होता है. इंतज़ार का अंत बाकी है. रोनाल्डो है. उसका अभिमान है. अभिमान बेतरह घायल है.

एक और मैच है. मैच का एक कंडीशनिंग कैंप है. कैम्प में एक कोच है. कोच का नाम जॉर्ज जीजस है.
उसकी एक प्रेसवार्ता है. वार्ता में अनकहे समझौते का टूटना है. एक वापसी है. एक विदाई है. एक खालीपन है. पूरी टीम है. कोच है. बस एक अनुपस्थिति है. अनुपस्थिति एक महानता की है. महानता का नाम सीआर सेवन है.

एक युग है. एक अंत है. अंत युग का होता है. रोनाल्डो की राष्ट्रीय टीम से अघोषित विदाई है. विदाई दुखदाई होती है. विदाई में अपमान का जहर है. ज़हर कड़ुआ होता है. विदाई में कड़वाहट व्याप्त है. विदाई में अकेलेपन का दंश है. दंश बेधक होता है. बिंधा मन टूट जाता है. रोनाल्डो का मन अब टूट गया है.

समापन

एक खेल फ़ुटबॉल है. उसके दो महानतम खिलाड़ी हैं. दो खिलाड़ियों के लाखों करोड़ों प्रसंशक हैं. उनके मन प्रेम में पगे हैं. प्रेम जादू से उपजा है. जादू दो खिलाड़ियों के दो जोड़ी पैरों में है. ये पैर मेस्सी और रोनाल्डो के हैं. लोग रोनाल्डो और मेसी के प्यार में हैं.

प्यार में जुदाई है. जुदाई खेल जीवन के अंत की है. खेल जीवन मेस्सी और रोनाल्डो का है.

दो खिलाड़ी हैं. उनकी दो घोषणा है. घोषणा खेल जीवन के अंत की हैं. एक घोषणा लिखित है. एक घोषणा अघोषित है. एक घोषणा सामूहिक जश्न का टशन है. एक घोषणा अकेलेपन का दंश है.

दो खिलाड़ी हैं. दो व्यक्तित्व हैं. एक विनम्रता की मूर्ति है. एक अभिमान का उद्घोष है. एक प्रेम से पगा है. एक अहम से भरा है. एक अपनेपन से आवृत है. एक निपट अकेलेपन से अनावृत है.

अंत में एक पत्रकार है. उसकी एक बात है. बात में दो खिलाड़ी हैं. खिलाड़ियों के जीवन का सार है. बात बोलती है कि ‘रोनाल्डो अपनी ईमानदारी में इतने बुरे हैं कि लोग उनका मजाक उड़ाते हैं, जबकि मेस्सी अपनी अच्छाई में इतने अच्छे हैं कि लोग उनका मजाक उड़ाते हैं.’ ये एक मंत्र है. मंत्र दो विदाई के अंतर का है.

एक युग का अंत है. एक प्रतिद्वंद्विता का समापन है. दो जादूगरों के जादू की विदाई है. एक समय है. समय दो फ़ुटबॉल जीनियस को अलविदा कहने का है.

अलविदा सीआर सेवन.

अलविदा लियो.


अपनी राय हमें  इस लिंक या feedback@samvadnews.in पर भेज सकते हैं.
न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें.