बरेली किताब उत्सव कल से

  • 11:15 am
  • 22 October 2026

बरेली | साहित्य, विचार और संस्कृति के विविध रंगों और लेखकों-पाठकों को एक मंच पर लाने के मक़सद से किताब उत्सव शुक्रवार से शुरू होगा. पांच दिनों का यह उत्सव विंडरमेयर थिएटर में 23 से 27 अक्टूबर तक चलेगा. उत्सव में देश के अनेक चर्चित लेखक, कवि, पत्रकार, अर्थशास्त्री, दास्तानगो, अभिनेता, निर्देशक, रंगकर्मी भी शामिल होंगे. इस किताब उत्सव का आयोजन राजकमल प्रकाशन समूह कर रहा है.

चर्चित हस्तियों से सजेगा मंच
राजकमल प्रकाशन समूह की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार साहित्य-संस्कृति जगत की पचास से अधिक मशहूर हस्तियां इस उत्सव में शिरकत कर रही हैं. इनमें अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार से सम्मानित कथाकार गीतांजलि श्री, अंग्रेज़ी के चर्चित लेखक अमिताभ कुमार, हिमालय-यात्री अजय सोडानी, निर्देशक सीमा कपूर, अभिनेता रघुवीर यादव, अर्थशास्त्री रीतिका खेरा, आलोचक संजीव कुमार, प्रकाशक-सम्पादक रवि सिंह, मीडिया विश्लेषक विनीत कुमार और रेडियो जॉकी यूनुस ख़ान शामिल हैं. हिंदी-उर्दू अदब की दुनिया के ख्यात लेखकों में सुजाता, गीताश्री, प्रत्यक्षा, वंदना राग, सुबूर उस्मानी, सविता पाठक, ज्योति चावला, तरुण भटनागर, अनूप मणि त्रिपाठी, देवेश, शारिक़ कैफ़ी, अदनान कफ़ील दरवेश, अभिषेक शुक्ला, आशु मिश्रा, किरणशानी और दीपा शानी भी मौजूद रहेंगे.

उत्सव में मशहूर इतिहासविद सुधीर चन्द्र, पुष्पेश पन्त, सुधीर विद्यार्थी, रौशन तक़ी, अशोक कुमार पांडेय और पुष्यमित्र के साथ ही जाने-माने दास्तानगो महमूद फ़ारूक़ी, दारैन शाहिदी, राजेश कुमार व हिमांशु बाजपेयी भी शामिल होंगे. पत्रकार-लेखक वंदना मिश्र, प्रभात सिंह, नाटककार अभिषेक मजूमदार, रंग आलोचक अमितेश कुमार और रंगकर्मी ब्रजेश्वरसिंह, समयुन खान, मुशाहिद रफ़त व अजय चौहान भी होंगे.

साथ जुड़ें, साथ पढ़ें का सन्देश
राजकमल प्रकाशन समूह के सीईओ आमोद महेश्वरी ने कहा कि यह उत्सव व्याख्यान, साहित्यिक संवाद, कार्यशाला, कविता-पाठ, संगीत, नाट्य प्रस्तुति और अन्य कार्यक्रमों के जरिये साहित्य और समाज के आपसी संबंधों को देखने-समझने और प्रगाढ़ बनाने का एक विनम्र प्रयास है. उत्सव में प्रवेश निःशुल्क होगा. उन्होंने कहा, इस उत्सव के ज़रिये हम हरेक शख़्स को ‘साथ जुड़ें, साथ पढ़ें’ का सन्देश देना चाहते हैं. इस उत्सव का उद्देश्य पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देना और किताबों के ज़रिये नए विचारों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक प्रश्नों पर संवाद को प्रोत्साहित करना है.

उद्घाटन दोपहर दो बजे होगा
किताब उत्सव का उद्घाटन दोपहर दो बजे होगा. कथाकार गीतांजलि श्री, इतिहासविद सुधीर चन्द्र व सुधीर विद्यार्थी, अमिताभ कुमार, अजय सोडानी और रंगकर्मी डॉ. ब्रजेश्वर सिंह समवेत रूप से उत्सव का उद्घाटन करेंगे. इस मौक़े पर शहर की गणमान्य हस्तियाँ भी मौजूद रहेंगी.

मेरा, आपका, हमारा भारत
किताब उत्सव के पहले दिन, 23 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंग्रेज़ी लेखक अमिताभ कुमार का व्याख्यान ‘मेरा, आपका, हमारा भारत:सवालों से चुप्पियों तक’ आयोजितहोगा. इसके बाद चर्चित मीडिया विश्लेषक विनीत कुमार ‘डेटा पैक का लोकतंत्र’ विषय पर बात करेंगे.पहले दिन के अन्य प्रमुख कार्यक्रमों में अवध के आख़िरी नवाब वाजिद अली शाह और अवध के संगीत विषय पर चर्चा, अनुवाद और लेखन से जुड़े सवालों पर संवाद तथा अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार से सम्मानित कथाकार गीतांजलि श्री के उपन्यासों पर केंद्रित कथा-प्रस्तुति शामिल हैं.

24 अक्टूबर को अमिताभ कुमार के साथ बतकही का एक सत्र होगा जिसमें वे लेखक और उसका ‘अपना’ परिवार विषय पर साहित्यप्रेमियों से रूबरू होंगे. सिनेमा, थिएटर और साहित्य के रिश्ते, स्त्री विमर्श, सामाजिक सुरक्षा, विस्थापन और सांस्कृतिक स्मृतियों जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी. विनीत कुमार की कार्यशाला ‘ख़बर कहाँ हैं?’ और सीमा कपूर की कार्यशाला ‘सिनेमा, थिएटर और साहित्य का रिश्ता इस दिन के विशेष आकर्षणों में शामिल हैं.

25 अक्टूबर को गांधी, इतिहास, भारतीय मध्य वर्ग, पर्यटन और जैव विविधता के संकट, पारसी रंगमंच और कविता जैसे विषयों पर संवाद होंगे.

26 अक्टूबर को महिला क्रिकेट, भारतीय मध्य वर्ग, कश्मीर के इतिहास, व्यंग्य और कविता-पाठ से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे.

27 अक्टूबर को बरेली की सांस्कृतिक पहचान, मिथक और इतिहास आदि पर चर्चा तथा नाट्य प्रस्तुति के जरिए उत्सव आगे बढ़ेगा. अभिषेक मजूमदार के नाटक ‘देस’ की प्रस्तुति के साथ उत्सव पूरा होगा.

पुस्तक प्रदर्शनी
किताब उत्सव के दौरान, 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजन स्थल पर एक पुस्तक प्रदर्शनी भी होगी. इस प्रदर्शनी में लोग तमाम विषयों की पुस्तकें देख सकेंगे. प्रदर्शनी से उन्हें अपनी मनपसंद पुस्तकें लेने का अवसर भी मिलेगा.

बरेली में किताब उत्सव का दूसरा संस्करण
राजकमल प्रकाशन समूह पिछले पाँच सालों में देश के सात राज्यों के ग्यारह शहरों में किताब उत्सव का आयोजन कर चुका है. बरेली किताब उत्सव 2026 इस सिलसिले का सत्रहवाँ आयोजन है. बरेली में पिछले साल भी किताब उत्सव का आयोजन हो चुका है.


अपनी राय हमें  इस लिंक या feedback@samvadnews.in पर भेज सकते हैं.
न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें.