फीफा डायरी | अब तीसरे दौर के मुक़ाबले

फ़ुटबॉल का सिरमौर बनने का जो महायज्ञ 11 जून को शुरू हुआ था, अब उसका दूसरा चरण राउंड ऑफ़ 32 भी पूरा हो चुका है और अब वो अपने आयोजन के तीसरे चरण के मुहाने आ खड़ा हुआ है. अब फीफा विश्व कप के चल रहे 23वें संस्करण के प्री-क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले शुरू होने हैं.

मैदान के भीतर पहले चरण में संघर्ष, रोमांच और प्रतिस्पर्धा के जो प्रतिमान स्थापित हुए, वे बीते दूसरे चरण में और सघन और तीव्र हुए. पहले चरण में ड्रॉ और यहां तक कि हार के बाद भी मुक़ाबले में बने रहने की संभावना थी. लेकिन जैसे ही नॉक आउट दौर शुरू हुआ, वापसी की कोई भी गुंजाइश ख़त्म थी. अब या तो आगे जाना था या घर वापस.

सात दिनों के इस दूसरे दौर के 16 मुक़ाबलों में क्या कुछ नहीं था. छोटी और कमज़ोर समझी जाने वाली और विश्व रैंकिंग में काफी पीछे वाली टीमों का अविश्वसनीय प्रदर्शन, बड़े उलटफेर, अतिरिक्त समय और पेनाल्टी से होते मैच के निर्णय, स्टार खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, नए सितारों का उदय, ध्वस्त होने स्थापित रिकॉर्ड्स और नित रोज़ बनते नए रिकॉर्ड्स.

एक

पैराग्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है. बोस्टन के जिलेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पैराग्वे ने 42वें मिनट में जूलियो एनसिसो के शानदार हेडर से 1-0 की बढ़त बनाई. इसके बाद जर्मनी के स्टार फॉरवर्ड काई हावर्ट्ज़ ने 54वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. अतिरिक्त समय में जर्मनी के जोनाथन ताह ने हेडर के जरिए गोल दागा, लेकिन वीएआर समीक्षा के बाद रेफरी ने गोलकीपर ऑरलैंडो गिल पर फाउल के चलते इस गोल को विवादास्पद रूप से रद्द कर दिया.अतिरिक्त समय में भी कोई गोल नही हुआ तो पेनाल्टी शूट से फ़ैसला हुआ. फीफा विश्व कप के इतिहास में यह पहली बार है जब जर्मन टीम कोई पेनल्टी शूटआउट हारी है. पैराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने दो शानदार पेनल्टी बचाव किए, जिसके बाद जोस कैनाले ने निर्णायक पेनल्टी से गोल कर अपनी टीम को राउंड ऑफ 16 में पहुंचा दिया.

मोरक्को ने 2022 के कतर विश्व कप में शानदार खेल दिखाया था और सेमीफाइनल तक पहुंची थी. टीम ने इस विश्व कप में वहीं से शुरू किया जहां कतर में छोड़ा था. मोरक्को ने नॉक आउट के पहले दौर में नीदरलैंड्स को हराकर एक और उलटफेर किया और विश्व कप में अपनी शानदार जीत का सिलसिला जारी रखा. मैच में नीदरलैंड्स के लिए 72वें मिनट में कोडी गैकपो ने गोल किया. नीदरलैंड जीत के कगार पर थी कि मोरक्को की ओर से इंजरी टाइम के पहले मिनट (91वें मिनट) में ईसा डियोप ने हेडर से गोल करके मैच को बराबरी पर ला दिया. इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में कोई गोल नहीं हुआ और पेनल्टी शूटआउट में मोरक्को के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई. अब प्री क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला मेजबान कनाडा से होगा.

दो

दो बड़े उलटफेर तो हुए ही. इसके अलावा कई उलटफेर होते-होते बचे.

पांच बार की चैम्पियन ब्राजील को जापान को हारने के लिए एड़ी चोटी का ज़ोर लगाना पड़ा. 29 जून को ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में जापान को ब्राजील ने 2-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया. 29वें मिनट में जापान के काइशू सानो ने 20 मीटर की दूरी से एक शानदार लॉन्ग-रेंज शॉट पर गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया. दूसरे हाफ के 56वें मिनट में ब्राजील के अनुभवी खिलाड़ी कैसेमिरो ने गैब्रियल के बेहतरीन क्रॉस पर हेडर के जरिए गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.
इस के बाद कोई गोल नहीं हुआ और मैच जब एक्स्ट्रा टाइम की ओर बढ़ रहा था, तभी इंजरी टाइम के 96वें मिनट में सबस्टीट्यूट खिलाड़ी गैब्रियल मार्टिनेली ने ब्रूनो गुइमारेस के पास पर निर्णायक गोल दागकर ब्राजील को 2-1 से नाटकीय जीत दिला दी. अब ब्राजील का मुकाबला नॉर्वे से होगा.

30 जून को डलास स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक नॉकआउट मैच में नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया. मैच के शुरुआत में आइवरी कोस्ट ने दबदबा बनाया,लेकिन 39वें मिनट में नॉर्वे के युवा विंगर एंटोनियो नुसा ने मार्टिन ओडेगार्ड के पास पर एक शानदार कर्लिंग शॉट दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. आइवरी कोस्ट ने दूसरे हाफ में ज़बरदस्त खेल दिखाया. मैनचेस्टर यूनाइटेड के विंगर अमाद डियालो ने 74वें मिनट में एक बेहतरीन सोलो गोल करके मैच को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया. जब मुकाबला एक्स्ट्रा-टाइम की ओर बढ़ता दिख रहा था कि एर्लिंग हालैंड ने 86वें मिनट में पैट्रिक बर्ग के क्रॉस पर टैप-इन करते हुए नॉर्वे के लिए विजयी गोल किया. इसके बाद भी आइवरी कोस्ट ने हिम्मत नहीं हारी. मैच के इंजरी टाइम (90+7वें मिनट) में आइवरी कोस्ट को फ्री-किक मिली. इस पर अमाद डियालो ने एक बेहतरीन शॉट लगाया जिसे नॉर्वे के गोलकीपर ओरियन नाइलैंड ने प्रतियोगिता के सबसे अच्छे बचावों में से एक बचाव करते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की. टीम ने जीत के बाद नॉर्वे के मशहूर वाइकिंग रो सेलिब्रेशन किया जो राउंड ऑफ़ 32 की यादगार तस्वीरों में से एक है. अब नॉर्वे का सामना ब्राज़ील से होगा.

1 जुलाई को अटलांटा के मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में इंग्लैंड और डी आर कांगो का मैच भी बेहद रोमांचक था जिसमें इंग्लैंड ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की. और कांगो को 2-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका मुकाबला सह-मेजबान मैक्सिको से होगा. मैच के 7वें मिनट में ही डीआर कांगो के ब्रायन सिपेन्गा ने गोल दागकर सबको चौंका दिया और अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी. कांगो ने अपनी बढ़त 75वें मिनट तक बनाए रखी. कांगो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने बेहतरीन बचाव करके जूड बेलिंगहैम और हैरी केन के कई हमलों को नाकाम किया. लेकिन कप्तान हैरी केन ने आखिरी 15 मिनट में मैच का पासा पलट दिया. उन्होंने 75वें मिनट में एंथनी गॉर्डन के पास पर एक शानदार हेडर के जरिए पहला गोल करके टीम को 1-1 की बराबरी पर लाया. इसके ठीक 11 मिनट बाद 86वें मिनट में हैरी केन ने अपना दूसरा गोल दागकर इंग्लैंड को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी.

इस राउंड का सबसे चर्चित मैचों में से एक और बेहद रोमांचक मैच एक 3 जुलाई को टोरंटो स्टेडियम में पुर्तगाल और क्रोशिया के मध्य खेला गया जिसमें पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया. शुरुआती 45 मिनट तक दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली,लेकिन कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी. दूसरे हाफ की शुरुआत में ही इवान पेरिसीच ने शानदार गोल दागकर क्रोएशिया को 1-0 से आगे कर दिया. पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पेनल्टी स्पॉट से गोल दागकर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया. यह रोनाल्डो के विश्व कप करियर का पहला नॉकआउट गोल भी था. 81वें मिनट में रोनाल्डो के मैदान से बाहर जाने के बाद, सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी गोंकालो रामोस ने राफाएल लियाओ के बेहतरीन क्रॉस पर हेडर के जरिए पुर्तगाल के लिए विजयी गोल किया.

1 जुलाई को सिएटल स्टेडियम में खेले गए इस चरण के सबसे रोमांचक मैच में बेल्जियम ने 2-0 से पिछड़ने के बाद ऐतिहासिक वापसी करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह बनाई.

मैच के 25वें मिनट में हबीब डियारा ने गोल कर सेनेगल को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके बाद 51वें मिनट में इस्माइला सार ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया. मैच के 85वें मिनट तक सेनेगल आगे था. लेकिन 86वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी रोमेलु लुकाकू ने बेल्जियम के लिए पहला गोल किया. इसके ठीक 3 मिनट बाद 89वें मिनट कप्तान यूरी टिलेमांस ने हेडर से गोल कर स्कोर 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया और मैच को एक्स्ट्रा टाइम में खींच लिया. एक्स्ट्रा टाइम के आखिरी क्षणों 125वें मिनट में VAR रिव्यू के बाद बेल्जियम को पेनल्टी मिली. यूरी टिलेमांस ने इस पेनल्टी को गोल में बदलकर बेल्जियम को 3-2 से यादगार जीत दिला दी. यह फीफा विश्व कप इतिहास का सबसे देर से 124 मिनट 44 सेकंड पर किया गया विजयी गोल था.

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने काबो वर्डे (केप वर्डे) को 3-2 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. विश्व कप में पहली बार भाग ले रही काबो वर्डे की टीम ने अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय तक कड़ी टक्कर दी. खेल के 29वें मिनट में लियोनेल मेसी ने लिसैंड्रो मार्टिनेज के पास पर शानदार गोल दागकर अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई. 59वें मिनट में काबो वर्डे के डेरोय डुआर्टे ने गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया और निर्धारित 90 मिनट तक यही स्कोर रहा. एकस्ट्रा टाइम में 92वें मिनट में लिसैंड्रो मार्टिनेज ने गोल कर अर्जेंटीना को फिर 2-1 से आगे किया. लेकिन 104वें मिनट में काबो वर्डे के सिडनी लोपेस कैब्रल ने एक चमत्कारी लॉन्ग-रेंज गोल दागकर स्कोर फिर 2-2 कर दिया. मैच का फ़ैसला 111वें मिनट में हुआ, जब मेसी के कॉर्नर पर क्रिस्टियन रोमेरो के हेडर को रोकने के प्रयास में काबो वर्डे के डिफेंडर डिने बोर्गेस से आत्मघाती गोल हो गया.

तीन

ब्रेल एम्बोलो और डैन न्दोये के गोलों की बदौलत स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया पर ऐतिहासिक 2-0 से जीत हासिल की. स्विट्जरलैंड ने 88 वर्षों में पहली बार विश्व कप के नॉकआउट राउंड में जीत दर्ज की.

उधर मेक्सिक के मैक्सिको ने जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज के गोलों की बदौलत इक्वाडोर को 2-0 से हरा कर 40 वर्षों में यह मैक्सिको की विश्व कप में पहली नॉकआउट जीत थी.

चार

राउंड ऑफ 32 में अफ्रीका की 10 में से नौ टीमें पहुंची थीं. लेकिन प्री क्वार्टर फाइनल में केवल दो टीमें पहुंच सकी हैं. मोरक्को और मिस्र. एशिया की प्रतिभागिता खत्म हुई क्योंकि दोनों टीमें हार गईं. जापान कड़े संघर्ष में ब्राजील से हारा तो ऑस्ट्रेलिया पेनाल्टी शूटआउट में मिस्र से. यहां उल्लेखनीय है कि तीनों सह मेजबान देश मेक्सिको,यूएस और कनाडा आगे बढ़े हैं. सात यूरोपीय देश है, जबकि चार दक्षिण अमेरिकी देश. कुल मिलाकर अब ये मुकाबला यूरोप और अमेरिका(उत्तरी और दक्षिणी) के बीच में रह गया है. जिसमें थोड़ा सा हस्तक्षेप अफ्रीका का रहेगा.

पांच

मैदान और मैदान के बाहर खेल की बनती ख़ूबसूरत तस्वीरों के बीच कुछ अवांछित भी घटा. मेक्सिको की ऐतिहासिक जीत को सेलिब्रेट करने के लिए राजधानी में कई लाख लोग इकट्ठा क्या हुए कि दम घुटने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई. तो नीदरलैंड में मेक्सिको के हाथों हार के बाद वहां के कई शहरों में कुछ हिंसक घटनाएं हुई. फ़ुटबॉल का ये एक ऐसा काला पक्ष कि जब जोश, जुनून और उत्साह जब उन्माद में बदल जाता है, मानवता संकीर्ण राष्ट्रवाद में और भाई चारा नस्लवाद में तो फ़ुटबॉल खेल का मैदान युद्ध का मैदान बन जाता है.

विस्तारित 48 टीमों वाले विश्व कप के शुरू होने से पहले इसकी सफलता पर बहुत लोगों को कई तरह के संदेह थे. राउंड ऑफ़ 32 ने उन के जवाब दे दिए हैं. छोटे देशों ने साहस के साथ प्रतिस्पर्धा की. फेवरिट टीमों को कड़ी टक्कर मिली. कई दिग्गज टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गईं. अगर नॉकआउट राउंड के कोई संकेत है, तो ट्रॉफी तक का सफ़र और भी अविस्मरणीय पलों और दृश्यों से भरा होगा.

कवर | इंस्टाग्राम

सम्बंधित

फीफा के सितारे | यान डियोमोंड़े

फीफा | आख़िरी सीटी बजने तक खेल चालू मानें

फीफा के रंग | गुलाबी भी मुक़ाबले में


अपनी राय हमें  इस लिंक या feedback@samvadnews.in पर भेज सकते हैं.
न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें.